चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में भक्तों की अटूट आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर के भंडार से 9 चरणों में हुई गिनती के बाद कुल 23 करोड़ 62 लाख 12 हजार 206 रुपए नकद प्राप्त हुए। वहीं, ऑनलाइन दान से 4 करोड़ 75 लाख 33 हजार 304 रुपए जमा हुए। इस तरह कुल मिलाकर 28 करोड़ 37 लाख 45 हजार 510 रुपए की राशि मंदिर को प्राप्त हुई है। गिनती के दौरान सोना-चांदी का भी तौल किया गया। इस बार मंदिर को 1835 ग्राम 590 मिलीग्राम सोना और 143 किलो 780 ग्राम चांदी की प्राप्ति हुई है।

जानिये गणना की चरणवार स्थिति-
- पहले चरण में 8 करोड़ 90 लाख रुपए
- दूसरे चरण में 4 करोड़ 60 लाख रुपए
- तीसरे चरण में 3 करोड़ 86 लाख 50 हजार रुपए
- चौथे चरण में 2 करोड़ 50 लाख रुपए
- पांचवें चरण में 2 करोड़ 10 लाख रुपए
- छठे चरण में 84 लाख रुपए
- सातवें चरण में 42 लाख रुपए
- आठवें चरण में 17 लाख 50 हजार रुपए
- नवें चरण में 22 लाख 12 हजार 206 रुपए

गणना कार्य 22 अगस्त से शुरू हुआ था और अमावस्या, अवकाश व जलझूलनी एकादशी मेले के कारण बीच-बीच में रोका गया। मंगलवार को नौवें चरण के साथ यह प्रक्रिया पूरी हुई। गिनती के दौरान मंदिर मंडल सदस्य हरिराम गाडरी, किशनलाल अहीर, पवन तिवारी, रामलाल गुर्जर, प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिवशंकर पारीक और द्वितीय लेखाकार राजेंद्र सिंह मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न की गई।
