नीमच। कर्मकाण्डीय विप्र परिषद् नीमच की एक महत्वपूर्ण बैठक 8 सितम्बर को श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में परिषद के संरक्षक पं. मालचंद शर्मा एवं अध्यक्ष पं. राधेश्याम उपाध्याय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी पितृदोष की शांति एवं पितरों के आशीर्वाद की प्राप्ति हेतु चतुर्थ विशाल निःशुल्क सामूहिक पितृ तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सर्वपितृ अमावस्या, रविवार 21 सितम्बर 2025 को प्रातः 6रू30 बजे से आरंभ होगा। स्थल कृ रेलवे स्टेशन के सामने, किला रोड स्थित श्री कालिका माता सोमेश्वर महादेव मंदिर तीर्थ रहेगा।
इस आयोजन में भाग लेने हेतु इच्छुक श्रद्धालुओं को पूर्वानुसार मात्र 100/- रुपए रजिस्ट्रेशन एवं पूजन सामग्री शुल्क निर्धारित किया गया है। पितृ कृपा के आकांक्षी श्रद्धालु इसमें सम्मिलित होकर देव, ऋषि, मनुष्य तथा अपने पितरों के आशीर्वाद के पात्र बन सकेंगे। ऋषि मतानुसार पितृ तर्पण से व्यक्ति पितृ दोष से मुक्त होकर जीवन में आनंद व सर्वबाधा मुक्ति की अनुभूति करता है।
बैठक में परिषद संरक्षक पं. मालचंद शर्मा, अध्यक्ष पं. राधेश्याम उपाध्याय सहित पं. जगदीश प्रसाद शर्मा, पं. प्रेमप्रकाश गौड़ (गोटू महाराज), पं. रामेश्वर शर्मा, पं. घनश्याम व्यास ‘चल्दू’, पं. लक्ष्मण शास्त्री, पं. राहुल मनोज शर्मा, पं. दुर्गाशंकर नागदा, पं. आनंद पाण्डे सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद प्रवक्ता पं. घनश्याम व्यास ‘चल्दू’ एवं मंत्री पं. जगदीश प्रसाद शर्मा ने संयुक्त रूप से दी।