मनासा। खिमला प्लांट क्षेत्र में आज गुरूवार को हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अमरपुरा में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध जताया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्रीनको कंपनी की बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लच्छू पिता रामेश्वर रावत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चेनराम पिता परशराम रावत और अनिल पिता फुलसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया है।

दर्दनाक के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी की बसें लापरवाहीपूर्वक चलती हैं, जिसके चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देने में जुटी हुई है। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
