नीमच। जलझूलनी एकादशी के पावन पर्व पर श्री सांवरियाजी मंदिर मण्डल द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अश्लीलता का विरोध करने पर सेन समाज के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे सेन समाज में भारी आक्रोश है।
यह घटना 03 सितंबर को भादसोड़ा चौराहे पर घटित हुई, जहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों और कलाकारों ने भक्तिमय गीतों के बजाय अश्लील और अमर्यादित प्रस्तुतियाँ देना शुरू कर दिया। सेन समाज के वरिष्ठ प्यारचंद सेन ने धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद आयोजक अशोक कुमार अग्रवाल और बाबुलाल ओझा ने मंच पर उपस्थित कलाकारों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान सेन को जान से मारने और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी गई। शिकायत करने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्यवाही न होने से गुस्साए नीमच जिला सेन समाज ने अब राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। जिला सेन समाज संगठन ने नीमच कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपकर कोटा के आर्केस्ट्रा संचालक सुरजीत चौधरी और सभी कलाकारों के साथ-साथ आयोजकों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।