नीमच। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम खीमला स्थित ग्रीनको कंपनी प्लांट में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों को लाने-ले जाने वाली एक बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीन कर्मचारी काम पर जा रहे थे। हादसे में लक्ष्मण मीणा निवासी अमरपुरा की मौके पर मौत हो गई, जबकि चेनराम रावत और अनिल मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
आक्रोशित भीड़ ने लगाई बस में आग-
दुर्घटना के बाद कर्मचारियों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशितों ने बस में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और प्लांट परिसर में भी नुकसान पहुँचाया। मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने अमरपुरा के पास सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही रामपुरा थाना प्रभारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाइश दी। घंटों तक लगे जाम से राहगीर परेशान रहे। घायलों को पहले रामपुरा अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया।
प्लांट में सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी-
कर्मचारियों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा इंतज़ाम नाकाफी हैं। मजदूरों पर अत्यधिक दबाव और देर से आने पर वेतन कटौती की वजह से जल्दबाजी में हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।