नीमच। गौ सेवा समिति नीमच द्वारा गौ उपचार शाला में बुधवार को अनोखा आयोजन किया गया। शहर के एक प्रतिष्ठित समाजसेवी ने गुप्त दान स्वरूप बीमार, घायल और लाचार गौवंश हेतु एक नया सेट (चद्दर शेड व चारों तरफ प्रिकास्ट दीवार) बनवाया, जिसका विधि-विधान से पूजन कर गौवंश का प्रवेश कराया गया।
गौ सेवा दल टीम पिछले पांच वर्षों से सड़क दुर्घटना में घायल व बीमार गौवंश सहित अन्य जीवों की सेवा कर रही है। वर्तमान में उपचार शाला में 80 से अधिक गौवंश हैं, जिन्हें अलग-अलग सेट में रखा जाता है। नए बने सेट में नंदियों को रखा जाएगा, जबकि बछड़ों व गायों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि नए सेट का उद्घाटन ढाई माह की बालिका क्रियांशी अहीर के हाथों कराया गया। इस अवसर पर पं. शंकर शास्त्री, प्रितेश सारड़ा, शैतान सिंह कछावा, उदयलाल मेनारिया, शांति लाल मेघवाल, पार्थ जोशी, मितेश अहीर, महेश महावर, दुर्गाशंकर धनगर, कुसुम अहीर, दिनेश जी, रितिक खताबिया, राहुल रालोत सहित अनेक गौसेवक उपस्थित रहे।