नीमच। जिले की गोचर भूमि पर अतिक्रमण और बंद पड़ी गौशालाओं को लेकर राष्ट्रीय गौ रक्षा दल ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सर्व हिंदू संगठन और समस्त हिंदू समाज के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में राष्ट्रीय गौ रक्षा दल का कहना है कि गौ माता सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके बावजूद, जिले में गोचर भूमियों पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है, जिससे पशुओं के लिए चारे की गंभीर समस्या पैदा हो गई है।
संगठन ने बताया कि जिले में कई गौशालाएं वर्षों से बंद पड़ी हैं, जिससे बेसहारा और बीमार गायों की स्थिति दयनीय हो गई है। पूर्व में भी कई बार इन मुद्दों को लेकर ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे गौभक्त समाज में गहरी निराशा है।
ज्ञापन में राष्ट्रीय गौ रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्णपाल सिंह पंवार और जिलाध्यक्ष सचिन नामदा ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम निवेदन है। उन्होंने कहा यदि हमारी मांगों पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया, तो हम गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।