मंदसौर। सामाजिक संस्था बीआर फाउंडेशन जो पिछले छह वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है, ने अपने छठे स्थापना दिवस पर एक नई पहल की शुरुआत की। संस्था ने बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए “नन्हे हाथों में पर्यावरण” अभियान की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों में प्रकृति प्रेम, पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता की आदतों को बचपन से ही विकसित करना है।
संस्था ने इस अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए राजस्थान की ‘ग्रीन लिटिल बेबी’ श्रेया कुमावत को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। श्रेया ने बाल्यकाल से ही पर्यावरण संरक्षण को अपना जीवन मिशन बना लिया है। उन्होंने अपने घर की छत पर गार्डन विकसित कर सैकड़ों प्रकार के फूल और औषधीय पौधे तैयार किए और अब तक 25 हजार से अधिक पौधे निःशुल्क वितरित किए हैं। इसके अलावा 12 राज्यों में 2 हजार से अधिक कॉम्बो सीड पैकेट भेजकर हरियाली फैलाने का कार्य किया है।
श्रेया हर सप्ताह किसी न किसी विद्यालय में जाकर बच्चों को वृक्षारोपण, सीड बॉल निर्माण, कचरा प्रबंधन, जैव विविधता और जल संरक्षण पर जागरूक करती हैं। उनके कार्यों से प्रेरित होकर ही संस्था ने उन्हें इस अभियान का चेहरा बनाया है।
संस्थापक अध्यक्ष कृष्णा परिहार ने कहा कि श्रेया अपने अनुभव और कार्यशैली से मालवा क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत साबित होंगी। इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों ने श्रेया का स्वागत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं।