नीमच। वैष्णव बैरागी समाज जिला नीमच द्वारा रविवार को नगर में प्रथम रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था – रक्तदान के प्रति जनजागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों की मदद करना।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के जिलाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी भानुप्रिया बैरागी ने बताया कि शिविर में समाज के सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। विशेष रूप से नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने शिविर स्थल पर पहुंचकर समाज की इस पहल की सराहना की और आयोजनकर्ताओं को बधाई दी।
दोनों ही अतिथियों ने रक्तदान की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है।
शिविर में समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिणामस्वरूप 50 से अधिक यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। आयोजन की सफलता पर समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की बात कही।