नीमच। इंदिरा नगर में इस वर्ष से दशहरा उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मॉर्निंग क्लब द्वारा 5 अक्टूबर को 21 फीट ऊँचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस अवसर पर आकर्षक झांकियों और स्वांगधारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
तैयारियों को लेकर शनिवार सुबह मॉर्निंग क्लब के सदस्य विजयसिंह चौहान, जयप्रकाश दलवी, ओम दीवान, मुकेश पोरवाल, शौकीन पामेचा, निलेश जोशी, मनीष चांदना, जुगल कंडारा और जीवनलाल सिंघवा ने मां शीतला माताजी मंदिर खेल मैदान परिसर में सफाई, समतलीकरण और गाजर घास उखाड़ने का कार्य शुरू करवाया। साथ ही खाने-पीने की वस्तुओं के स्टाल, पार्किंग और मेले की जगह का निर्धारण भी किया गया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि उत्सव में स्टाल लगाने के इच्छुक संस्थान या दुकानदार समिति से संपर्क कर अपनी जगह सुनिश्चित कर सकते हैं। सभी को निःशुल्क स्थान आवंटित किया जाएगा, लेकिन जगह सीमित होने के कारण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आवंटन किया जाएगा।
इंदिरा नगर में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस रावण दहन उत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह और जोश देखा जा रहा है। सभी को 5 अक्टूबर के भव्य कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार है।