कुकड़ेश्वर। नगर में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार शाम लगभग 6 बजे नीम चौक बाजार स्थित गणेश जी मंदिर के पास बड़ा हादसा टल गया। यहां मांगीलाल लखारा की सुहाग कंगन स्टोर नामक दुकान में अचानक दो आवारा सांड आपस में लड़ते-लड़ते घुस गए।
सांडों की भीषण लड़ाई दुकान के किचन तक जा पहुँची, जिससे मनिहारी सामान और कांच के काउंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानदार मांगीलाल लखारा ने बताया कि मेरी दुकान में करीब 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मैं इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन दूंगा और उचित कार्रवाई की मांग करूंगा।
नगर पंचायत कुकड़ेश्वर के सीएमओ कमल सिंह परमार ने जानकारी दी कि हादसे में शामिल सांड को पकड़ लिया गया है। साथ ही सुबह से ही अभियान चलाकर नगर में घूम रहे सभी आवारा सांडों को गौशाला में छोड़ा जाएगा।
इसी विषय पर मनासा एसडीएम किरण आजना ने कहा कि सीएमओ से चर्चा कर आवारा सांड की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
नगरवासियों का कहना है कि समय पर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।