नीमच। बघाना क्षेत्र के निवासियों ने इस बार ईद मिलादुन्नबी के मौके पर एक अनोखी और मानवता से भरी मिसाल पेश की है। मुगल इस्लामिया ग्रुप के सदस्यों ने परंपरागत लंगर आयोजन को रोकते हुए पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत सामग्री पहुंचाने का निर्णय लिया।
ग्रुप से जुड़े शौकीन खान, आदिल मुगल, आजाद हुसैन, कालू हुसैन, मोहम्मद रफीक, साजिद हुसैन और रहीस नीमच से पंजाब के लिए रवाना हुए। वे अपने साथ राशन किट और अन्य आवश्यक सामग्री लेकर निकले हैं, जिसे बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
शौकीन खान ने बताया कि यह सेवा अभियान लगभग 8 दिन चलेगा। हम 2-3 दिन में पंजाब पहुंचकर 2 दिन तक वहां रुकेंगे और ज़रूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। उसके बाद वापसी करेंगे। हमारा मकसद है कि इस मुश्किल घड़ी में लोगों के चेहरे पर थोड़ी मुस्कान लाएं।
ज्ञात हो कि पंजाब में बाढ़ की वजह से कई घर तबाह हो गए हैं और लोग भारी मुश्किलों से जूझ रहे हैं। ऐसे हालात में नीमच के इन युवाओं की पहल इंसानियत की सच्ची सेवा का उदाहरण है।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता नवीन अग्रवाल ने समूह का स्वागत करते हुए उनके साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि “मुगल इस्लामिया ग्रुप ने दिखाया है कि त्योहार सिर्फ खुशी मनाने का नहीं बल्कि ज़रूरतमंदों के साथ खड़े होने का भी अवसर है।