नीमच। भारतीय किसान संघ ने 15 सितंबर ज्ञापन दिवस पर किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। संघ ने बताया कि प्रदेश के किसान कृषि, सिंचाई, बिजली और राजस्व विभाग से जुड़ी कई गंभीर दिक्कतों से जूझ रहे हैं, जिनके समाधान के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन में मुख्य मांगों में फसल बीमा दावों में पारदर्शिता, मंडियों में समर्थन मूल्य पर खरीदी, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, अतिवृष्टि और वायरस से प्रभावित फसलों की क्षतिपूर्ति, कृषि यंत्रों पर अनुदान, तार-फेंसिंग, देसी गाय के दूध पर प्रोत्साहन राशि, बंद पड़ी मंडियों और सिंचाई परियोजनाओं को शुरू करना शामिल है।
इसके अलावा, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, गलत बिलिंग की समस्या का निराकरण, किसानों को 24 घंटे बिजली, जले ट्रांसफार्मरों के लिए एंबुलेंस सेवा, नामांतरण की त्वरित प्रक्रिया, परंपरागत रास्तों का नक्शे में अंकन और गौ-अभ्यारण निर्माण की मांग भी रखी गई।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियमित बैठकें हों और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख़्त कार्रवाई की जाए।