शाजापुर। करणी सेना परिवार के छात्र संगठन ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला मीडिया प्रभारी रोहित सिंह पवार ने बताया कि कॉलेज में लगातार गंभीर लापरवाहियाँ हो रही हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
छात्रों ने ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन मांगे रखीं-
प्रोफेसरों की लापरवाही- कॉलेज का समय सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक है, लेकिन अधिकांश प्रोफेसर दोपहर 2 बजे ही कॉलेज छोड़ देते हैं। कई बार वे सिर्फ औपचारिक उपस्थिति दर्ज करने आते हैं।
सफाई व्यवस्था- कक्षाओं, परिसर और शौचालयों में गंदगी की स्थिति बनी रहती है, जिससे विद्यार्थियों को असुविधा होती है।
कक्षाओं का संचालन- अधिकांश विषयों की कक्षाएं समय पर नहीं लगतीं या बहुत देर से शुरू होती हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा परिणाम प्रभावित हो रहे हैं।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।