मनासा। मनासा-कंजार्डा मार्ग पर रावतपुरा के पास सोमवार देर रात करीब 10.30 बजे एक युवक सड़क किनारे खाई में घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके पास ही मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोड़ पर मोटरसाइकिल असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे युवक खाई में जा गिरा। राहगीरों ने तत्काल सूचना डायल-112 और 108 एंबुलेंस को दी।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ड्राइवर विजय और ईएमटी दिलखुश वर्मा मौके पर पहुँचे और घायल युवक को उपचार हेतु मनासा शासकीय अस्पताल लाए, जहाँ उसका प्राथमिक उपचार कर भर्ती किया गया।

घायल युवक ने अपना नाम रमेश पिता भगवान भील, निवासी डायली बताया। डॉक्टरों के अनुसार दुर्घटना में उसके एक पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
