नीमच। भारत विकास परिषद की सुभाष शाखा नीमच ने पर्यावरण संरक्षण और हिंदी भाषा के सम्मान में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए। सिद्धिविनायक मंदिर समिति के सहयोग से हुए इस आयोजन में 15 पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर परम पूज्य गुरुदेव सुरेशानंद जी ने कहा कि धरती को हरा-भरा रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रत्येक परिवार अपने घर में कम से कम पाँच औषधीय पौधे अवश्य लगाए, ताकि वातावरण शुद्ध रहे और छोटी-मोटी बीमारियों में उनका उपयोग किया जा सके।
हिंदी दिवस पर गुरुजी ने कहा कि हिंदी हिंदुस्तान की पहचान है और इसका प्रयोग प्रत्येक घर में होना चाहिए। उन्होंने हिंदी प्रेमियों को सम्मानित करने की पहल के लिए परिषद की सराहना की।
कार्यक्रम में जानी-मानी हिंदी कवयित्री रेणुका व्यास ने अपनी कविता का वाचन किया और अपनी काव्य पुस्तक के आगामी विमोचन की जानकारी दी। इसी अवसर पर उन 20 लोगों को सम्मानित किया गया जो अपने सभी कार्यों में हिंदी में ही हस्ताक्षर करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रमोद मालू ने किया तथा आभार सचिव मनीष गर्ग ने व्यक्त किया। इस दौरान शाखा अध्यक्ष ललित कुमार राठी, सचिव मनीष गर्ग सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।