नीमच। जिले के भादवामाता गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। साहू परिवार की 5 वर्षीय बच्ची श्री की खुले कुएं में गिरने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार श्री स्कूल से लौटने के बाद घर के पास खेल रही थी। उसी दौरान वह घर-दुकान परिसर में बने पुराने खुले कुएं में गिर गई। हादसे के समय उसके माता-पिता दुकान पर थे। काफी देर तक बच्ची के न दिखने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। कुएं के पास मिली उसकी चप्पल ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले इसी कुएं में बच्ची के दादाजी भी गिर चुके थे। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और बच्ची के माता-पिता को भी सदमे की स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बुधवार सुबह 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
