शाजापुर। जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर स्थित काकड़ी गांव में पुलिया निर्माण कार्य की धीमी गति ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। यह मार्ग करीब 25 गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ता है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य महीनों से चल रहा है, लेकिन प्रगति बेहद धीमी है। कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा वैकल्पिक सर्विस रोड नहीं बनाई गई, जिससे बारिश में हालात और बिगड़ गए। चारों ओर कीचड़ फैल गया है, जिसके कारण वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक सवारों को विशेष कठिनाई हो रही है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोज इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से निर्माण कार्य में लगातार विलंब हो रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण की गति तेज की जाए और कार्य पूर्ण होने तक वैकल्पिक सड़क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवागमन में राहत मिल सके।