प्रतापगढ़। जिले के धरियावद क्षेत्र में गुरुवार को एक निजी बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। इस हादसे में 6 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम बस प्रतापगढ़ से धरियावद होते हुए पारसोला से साबला जा रही थी। भूगाभट्ट के समीप पुल से गुजरते समय बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पारसोला पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पारसोला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही धरियावद पुलिस उपाधीक्षक नानालाल सालवी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।