मनासा। मंदिरों की नगरी मनासा में धर्म, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द को जोड़ने के पावन उद्देश्य से चल रहा सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ अपने प्रथम वर्ष में 52वें पाठ तक पहुँच गया। मंगलवार को यह आयोजन अपार श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्री मोती बावजी मंदिर, बस स्टैंड पर सम्पन्न हुआ।
यह पहल अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा (उदयपुर) के बड़े साध महंत श्री नरपतरामजी महाराज के सुशिष्य, ओजस्वी वक्ता और राष्ट्रवादी विचारों के प्रखर प्रवक्ता संत श्री चेतनरामजी की प्रेरणा से एक वर्ष पूर्व स्थानीय श्री रामद्वारा से प्रारंभ हुई थी। सनातन सत्संग मंडल द्वारा नगर के विभिन्न देवालयों में इस आयोजन को निरंतर संपन्न कराया गया, जिससे धर्म, अध्यात्म और संस्कारों के प्रति समाज में नई चेतना जागृत हुई। इसी कारण प्रत्येक आयोजन में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
52वें पाठ का आयोजन बस स्टैंड उत्सव समिति की मेजबानी में हुआ। प्रारंभ में विजय उदासी (नाना), मुकेश ग्वाला, सुनील दुर्गज, लाला पंवार, आयुष भंडारी और महेश शर्मा ने श्री हनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में श्री राजकुमार मारू ने उठो वीर प्यारे राम के दुलारे भजन प्रस्तुत किया, जबकि विजय उपाध्याय ने मारो बेड़ा पार लगाई दिजो गाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। गायक जमनालाल पाटीदार ने घुमादे मारा बालाजी घम्मर घम्मर घोटो भजन से भक्तों को खूब नचाया। इसके साथ ही निरंजन पाराशर, गोपाल राठौर, राहुल शर्मा (जयपुर) और ओम सोनी ने भी सुमधुर भजन प्रस्तुत किए।
सनातन सत्संग मंडल ने आयोजन को सफल बनाने के लिए लाभार्थी बस स्टैंड उत्सव समिति और सभी सनातनी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आगामी 53वां सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ मंगलवार, 23 सितंबर 2025 को रात 8:30 बजे श्री विजयवर्गीय समाज धर्मशाला में गरबा महोत्सव के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। मंडल ने सभी सनातन परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है।