चित्तौड़गढ़। कपासन थाना क्षेत्र के बेनिपुरिया गांव में रिहायशी मकान से आभुषण चोरी के मामले में कपासन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किये गये सोने चांदी के सम्पूर्ण जेवरात बरामद किये हैं। गिरफ्तार आरोपी उच्च दर्जे के बदमाश होकर पूर्व में मर्डर, लूट, नकबजनी एवं चोरी के मुकदमों में गिरफ्तार हो चुके हैं।गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस की पुछताछ में बीस से अधिक लूट, नकबजनी एवं चोरी की वारदातें करना किया कबूल।
जिला पुलिस अधीक्षक मनिष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में हुई नकबजनी व चोरियों के विरूद्ध कार्यवाही एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिले के समस्त पुलिस अधिकारीयों को निर्देशित किया गया। इसी क्रम में एएसपी सरीता सिंह व डीएसपी कपासन हरजी लाल यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी कपासन रतन सिंह पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 30 जून को कपासन थाने के बेनिपुरिया में गोपाल सिंह सिसोदिया (राजपुत) के मकान के कमरे से चांदी के पायजेब डेढ किलोग्राम, सोने का मंगल सुत्र एक तोला, सोने की रखड़ी एक तोला, मादलिया आधा तोला, सोने का हार गले का डेढ तोला व बक्से में रखे दो हजार रूपये अज्ञात बदमाश चुरा कर ले जाने के मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
उक्त वारदात को ट्रेस करने के लिए थानाधिकारी कपासन रतन सिंह पु.नि. के निर्देश पर एएसआई रतनलाल, सुभाषचन्द्र, कानि. वेदप्रकाश, नीरज कुमार व राजेश द्वारा तकनीकी व सीसीटीवी फुटेज से अनुसंधान करते हुए नकबजनी की वारदात करने वाले आरोपियों 50 वर्षीय बंशीलाल पुत्र प्यारा कालबेलिया (जोगी) निवासी नई आबादी अम्बावली कीरतपुरा थाना बडीसादडी जिला चित्तौडगढ, 27 वर्षीय मुकेश पुत्र नानूराम कालबेलिया निवासी बनाकिया कला थाना कपासन जिला चित्तौडगढ हाल निवासी खातरिया चौकडी थाना खातरेच जिला अहमदाबाद (गुजरात) व 46 वर्षीय नारायण पुत्र परथा उर्फ पृथ्वीराज कालबेलिया निवासी पीपली गुजरान थाना भदेसर जिला चित्तौडगढ को न्यायालय से प्रोडेक्शन वारण्ट जारी करा उप कारागृह कपासन से प्राप्त कर पुछताछ के बाद घटना कारीत करना कबूल करने से आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया। उक्त घटना मे चोरी किया गया सम्पूर्ण माल आरोपियों से बरामद किया जाकर अन्य घटनाओं के सम्बन्ध में विस्तृत अनुसंधान जारी है।