नीमच। शहर के कमल चौक स्थित विजय मोबाइल जंक्शन से गुरुवार शाम को 28 हजार रुपये का मोबाइल चोरी हो गया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र साढ़े तीन घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दुकान संचालक विजय सांखला ने बताया कि शाम को दो युवक दुकान पर आए थे। उनमें से एक ने बातचीत में उलझाया, जबकि दूसरा पानी पीने के बहाने मोबाइल पर हाथ साफ कर गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की वारदात साफ दिखाई दी।

सूचना मिलते ही कैंट पुलिस सक्रिय हुई और फुटेज के आधार पर छानबीन कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
