नीमच। जिले की ग्राम पंचायत सावन के सरपंच जितेंद्र माली पर उनकी पत्नी सपना माली ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
सपना माली का कहना है कि उनका विवाह 2003 में जितेंद्र माली से हुआ था। वर्तमान में पति ग्राम पंचायत का सरपंच हैं। सपना ने आरोप लगाया कि पति अपने अवैध संबंध का विरोध करने पर बार-बार मारपीट करते हैं और गालियाँ देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पति के साथ मिलकर एक मकान खरीदा था, लेकिन उसकी किश्तें जानबूझकर नहीं भरी जा रही हैं और उन्हें घर से बेदखल करने की साजिश रची जा रही है।
सपना ने बताया कि इस उत्पीड़न के कारण वह और उनके बच्चे मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने पहले भी पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि पति और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।