नीमच। शहर में गुरुवार देर शाम एक मजदूर पर 7 से 8 अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। घटना में घायल मजदूर के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौथखेड़ा निवासी तेजू (31) नाकोड़ वेयरहाउस में मजदूरी करता है। गुरुवार को काम से घर लौटते समय जब वह जमुनियाकला स्थित पाराशर ब्रदर्स के पास पहुंचे, तभी अचानक 7-8 लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुए इस हमले में तेजू के सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्होंने तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को जिला चिकित्सालय ले गए। उपचार के बाद तेजू और उनके परिजन सीधे नीमच सिटी थाने पहुंचे तथा अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि न तो हमलावरों की पहचान हो सकी और न ही हमले के कारणों की जानकारी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
