नीमच। एसपी अंकित जायसवाल के निर्देशन, एएसपी नवलसिंह सिसौदिया एवं सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना नीमच केंट व सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को नीमच सिटी व केंट थाना क्षेत्र में ताले तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर व नगदी चोरी की वारदात हुई थी। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने भोपाल गैंग की संलिप्तता पाई।
यह आरोपी गिरफ्तार-
अहमद हुसेन पठान (40) निवासी मंदसौर, अकित उर्फ किट्टू मराठा (23) निवासी भोपाल, अनुपसिंह राजपूत (38) निवासी भोपाल व अभिषेक लुनिया चौहान (28) निवासी महू शामिल हैं। सभी को भोपाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने नीमच की चोरी की वारदात स्वीकार की।
आरोपियों से यह बरामद-
आरोपियों की निशानदेही पर 75 हजार नगदी, क्रोमा कंपनी का ब्लूटूथ स्पीकर, चोरी में उपयोग किए गए पेचकस, हथौड़ी, वॉकी-टॉकी, जीपीएस सहित अन्य उपकरण जप्त किए गए।
आपराधिक रिकॉर्ड-
मुख्य आरोपी अनुपसिंह के खिलाफ 35 से अधिक नकबजनी, चोरी व लूट के प्रकरण दर्ज हैं, जबकि अहमद के खिलाफ 3 मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सायबर सेल, थाना नीमच केंट व सिटी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।