इंदौर। नारकोटिक्स विंग इंदौर ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 15 करोड़ रुपए मूल्य की अवैध ड्रग्स जब्त की हैं। कार्रवाई में अल्प्राजोलम पाउडर और एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
उप पुलिस अधीक्षक संतोष हाडा ने बताया कि रतलाम निवासी 34 वर्षीय मुस्ताक के कब्जे से 20.363 किलो अल्प्राजोलम पाउडर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आरोपी के पास से एक मोबाइल भी जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई में उज्जैन जिले के ग्राम निपानिया निवासी 34 वर्षीय राधेश्याम मकवाना को पकड़ा गया। उसके पास से 407 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए हैं।
दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस आरोपी नेटवर्क और ड्रग्स की आपूर्ति का पता लगाने में जुटी है।