मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) जावरा ने एमडीएस तृतीय डिवीजन और सीबीएन नीमच की संयुक्त टीम के साथ मिलकर बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर 03 से 04 अक्टूबर 2025 के बीच की गई कार्रवाई में अधिकारियों ने 21.194 किलोग्राम अफीम बरामद की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, सीबीएन को सूचना मिली थी कि राजस्थान पंजीकृत एक टाटा ट्रक मंदसौर क्षेत्र से भारी मात्रा में अफीम लेकर जोधपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सीबीएन जावरा, मंदसौर तृतीय डिवीजन और नीमच के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखते हुए 03 अक्टूबर की रात पिपलियामंडी टोल प्लाजा पर ट्रक को रोका।

जांच के दौरान ट्रक के केबिन से 21.194 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अफीम और ट्रक को जब्त कर लिया गया तथा चालक को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया।

सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
