चित्तौड़गढ़। भदेसर थाना क्षेत्र के असावरा माता कस्बे में शनिवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना रात करीब एक से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चोर एक गाड़ी में सवार होकर आए थे और उनकी संख्या पांच से छह के बीच थी।

पहली वारदात: टेंट व्यवसायी के घर में घुसे चोर
पहली घटना कस्बे के गाडरी मोहल्ले में हुई, जहां टेंट व्यवसायी प्रभुलाल गाडरी का मकान है। उस समय प्रभुलाल और उनका बेटा शंभूलाल घर से बाहर गए हुए थे। घर पर केवल उनकी पत्नी मोहिनी बाई (50) और बेटी देवकन्या मौजूद थीं।

रात करीब डेढ़ बजे चोर घर में घुस गए और सो रही मोहिनी बाई के कानों में पहने टॉप्स जोर से खींच लिए, जिससे उनके कान लहूलुहान हो गए। इसके बाद चोरों ने गले से मादलिया (हार) भी छीन लिया और मौके से भाग निकले। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर गाड़ी में सवार होकर फरार हो चुके थे।

दूसरी वारदात: 80 वर्षीय महिला को बनाया शिकार
उसी दौरान चोरों ने पास ही स्थित नंदलाल मेनारिया के घर को भी निशाना बनाया। नंदलाल और उनकी पत्नी जमना बाई (80) उस समय घर में सो रहे थे। चोर घर में घुसे और दंपती के साथ मारपीट कर जमना बाई के पैरों में पहनी कड़ियां, नथ और अन्य गहने छीन लिए।

दोनों घटनाओं से पूरे कस्बे में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और तुरंत भदेसर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों का मौका मुआयना किया। साथ ही आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर चोरों की तलाश शुरू की गई, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
