नीमच। पत्नी से विवाद के बाद थाने में शिकायत करने पहुंचे युवक ने थाना परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान लालू राम (निवासी पादरी, थाना नारायणगढ़) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लालू राम पत्नी दुर्गा के साथ निंबाहेड़ा मेले से लौटते समय विवाद के बाद महिला थाने पहुंचे थे। थाने पर भी कहासुनी जारी रही, इसी दौरान लालू ने जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई।

महिला थाना प्रभारी कारूलाल पटेल ने बताया कि घटना थाने परिसर के बाहर हुई है और थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। कैंट थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने कहा कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
