मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रहीमगढ़ गांव के ही युवक अर्जुन बागरी पर महिला से मारपीट और रेप करने का आरोप लगा है। घटना के बाद देर रात पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार महिला रविवार को किसी काम से घर से निकली थी। इसी दौरान गांव का युवक अर्जुन बागरी रास्ते में मिला। आरोप है कि उसने महिला को रोककर जमीन पर पटक दिया और बेरहमी से मारपीट की।

चेहरे पर काटा, सीने पर मारे मुक्के
आरोपी ने महिला के सीने पर मुक्कों से वार किए और उसके मुंह व आसपास के हिस्सों को दांतों से काटकर घायल कर दिया। इसके बाद उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

गुस्साए लोग पहुंचे थाने, पुलिस ने शांत कराया माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सीतामऊ थाने पहुंच गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए एसडीओपी दिनेश प्रजापति और टीआई मोहन मालवीय मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। घायल महिला को सीतामऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी अर्जुन पिता भंवर बागरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64 (बलात्कार), 115/2 और 118/1 के तहत केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम रवाना कर दी गई है और उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
