मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ रेप और मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि आरोपी अर्जुन बागरी ने महिला के सीने पर कई मुक्के मारे और उसके मुंह व आसपास के हिस्सों में दांतों से काटा। इसके बाद उसने महिला के साथ बलात्कार किया और फरार हो गया। घायल महिला को गंभीर हालत में सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर देर रात ही केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अर्जुन बागरी को पकड़ लिया गया।
वारदात की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गुस्साए लोग सीतामऊ थाने पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नारेबाजी की। बसई-क्यामपुर रोड पर जाम भी लगाया गया। मौके पर मौजूद एसडीओपी दिनेश प्रजापति और टीआई मोहन मालवीय ने लोगों को समझाकर शांत करवाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।