नीमच। महू-नीमच हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंदसौर की ओर जा रही एक बस ने बाइक सवार मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे बुलेट शोरूम के पास हुई। बस (क्रमांक एमपी 14 जेडबी 7277) ने सामने से जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घायल युवक की पहचान राकेश पिता गौतम (35) निवासी गांव चाकड़, तहसील सैलाना, जिला रतलाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश नीमच में सोयाबीन काटने के मजदूरी कार्य के लिए पिपलिया बाघ आया था और हादसे के समय कुछ सामान लेने जा रहा था।

पुलिस ने बस को जब्त कर थाने में खड़ा किया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने हादसे वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर बस चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
