मंदसौर। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में उज्जैन लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को मंदसौर जिले में ट्रैप कार्रवाई करते हुए सहकारिता विभाग की प्रशासक हिमांगिनी शर्मा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रभुलाल धनगर निवासी मंदसौर ने 22 सितंबर को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनंद यादव को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रशासक हिमांगिनी शर्मा ने संस्था के संचालन संबंधी स्टेशनरी क्रय की नोटशीट और चेक पर हस्ताक्षर करने के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी, जिसमें से पहली किश्त के रूप में 15 हजार रुपये मंगलवार को ली जा रही थी।

शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में निरीक्षक हीना डावर, आरक्षक अनिल अटोलिया, श्याम शर्मा, नीरज कुमार, महिला आरक्षक नेहा मिश्रा, मनीषा राजपूत, कार्य प्र आरक्षक हितेश ललावत और कंप्यूटर टाइपिस्ट अंजली पूरानिया शामिल थे।
