नीमच। नीमच सिटी पुलिस ने दो मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चांदी के छत्र, चांदी के मुकुट, दानपेटी, नगदी और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 1.20 लाख का माल बरामद किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई।

चोरी की घटनाएं-
पहली वारदात 17 सितंबर 2025 को लक्ष्मीनारायण मंदिर, नाइयों की गली में हुई थी। चोरों ने मंदिर से तीन चांदी के मुकुट, तीन फूल मुकुट और एक चांदी का छत्र चोरी कर लिया था।
दूसरी घटना 4 अक्टूबर 2025 को मंशापूर्ण महादेव मंदिर, इन्द्रानगर में हुई, जहां से दानपेटी और उसमें रखी करीब 15-20 हजार की नगदी चोरी हो गई थी।
दोनों मामलों में थाना नीमच सिटी में अपराध क्रमांक 505/2025 और 506/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ऐसे पकड़े गए आरोपी-
पुलिस टीम ने दोनों स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें पाया गया कि दोनों चोरियां एक ही व्यक्ति ने की थीं। जांच में यह व्यक्ति नीमच सिटी निवासी एक नाबालिग निकला। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं को स्वीकार किया और चोरी का सामान महेन्द्र सोनी पिता देवीलाल सोनी निवासी इन्द्रानगर को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने महेन्द्र सोनी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी गए 02 चांदी के छत्र, 03 चांदी के मुकुट, 01 दानपेटी, 8,000 नगदी व एक्टिवा स्कूटी (कीमत 45,000) पूरा माल जब्त किया गया है।

पुलिस टीम का सराहनीय कार्य-
इस सफलता में सउनि विजेन्द्र सिंह, सउनि दयाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक शिवपाल यादव, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र जगावत, आरक्षक मनोज प्रजापत, आरक्षक दशरथ थावरिया, आरक्षक गणेश मालेचा, आरक्षक लक्की शुक्ला और आरक्षक राजेश चौधरी का सराहनीय योगदान रहा। नीमच सिटी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में श्रद्धालुओं और नागरिकों में संतोष का माहौल है।
