मंदसौर। जिले के रहीमगढ़ गांव में 5 अक्टूबर 2025 की रात एक महिला के साथ हुई सामूहिक दरिंदगी के विरोध में जिलेभर में आक्रोश व्याप्त है। सर्व समाज, जिला मंदसौर ने सोमवार 13 अक्टूबर को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम रहीमगढ़ निवासी महिला के साथ गांव के ही अर्जुन पिता भंवरलाल बागरी, खतरुखेड़ी निवासी गणपत गायरी और कमल पिता कचरूलाल गायरी ने सामूहिक दुष्कर्म कर उसके साथ निर्मम मारपीट की। आरोपियों ने महिला के शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाई और जान से मारने का प्रयास किया। घटना के बाद भी आरोपी पक्ष के लोग पीड़ित परिवार को लगातार धमका रहे हैं। 10 अक्टूबर को आरोपी अर्जुन के पिता भंवरलाल ने पीड़िता के घर पहुंचकर उसके ननदोई को धमकी दी कि यदि बयान नहीं बदले गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इससे पीड़ित परिवार भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है।
सर्व समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए। साथ ही धमकी देने वाले आरोपियों पर भी विधिक कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। समाज ने यह भी कहा कि यदि आरोपियों के किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या निर्माण हों तो उन्हें तत्काल हटाया जाए।
सर्व समाज ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि जिले में गरीब, मजदूर, कमजोर और शोषित वर्ग पर बढ़ते अत्याचारों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि न्याय और सुरक्षा का विश्वास कायम रह सके।