सिंगोली। ग्राम ताल में सोमवार रात एक घरेलू विवाद के दौरान देवर ने अपनी भाभी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद सिंगोली अस्पताल से रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ताल निवासी शांतिलाल बंजारा सोमवार रात अपनी पत्नी मीरा बाई के साथ घर में सोया हुआ था। रात करीब 10 बजे उसका देवर बबलू अचानक घर में घुस आया और दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों में हाथापाई शुरू हो गई।

इस दौरान बीच-बचाव करने आई भाभी मीरा बाई को आरोपी ने जोर से पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवारजन तत्काल उसे सिंगोली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अवंतिका पाराशर ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर थाना सिंगोली प्रभारी बीएल भाबर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाकर मामले की जांच शुरू की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
