नीमच। थाना रामपुरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए 3 किलो 460 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों की धरपकड़ और नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एनएस सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक विजय सागरिया एवं उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की।

घटना का विवरण-
दिनांक 16 अक्टूबर 2025 की रात रामपुरा पुलिस की टीम कॉम्बिंग गश्त के दौरान वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मनासा की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका।

वाहन में बैठे व्यक्तियों ने अपना नाम विक्रमलाल पिता राजाराम गायरी (31 वर्ष, निवासी बादपुर, थाना नारायणगढ़) और कारु पिता प्रभुलाल गायरी (32 वर्ष, निवासी सरवानिया, थाना नारायणगढ़) बताया। वाहन संदिग्ध लगने पर तलाशी ली गई, जिसमें पिकअप की गुप्त स्कीम से 3 किलो 460 ग्राम अफीम बरामद हुई।

अफीम की अनुमानित कीमत लगभग 4,50,000 आंकी गई है, जबकि जब्त बोलेरो पिकअप की कीमत 5,50,000 बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई है।

सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सागरिया, सउनि नानुराम जोशी तथा थाना रामपुरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।