मंदसौर। नई आबादी थाना क्षेत्र के बादरी स्थित कृषि महाविद्यालय के पीछे गुरुवार शाम एक कुएं से लापता नाबालिग का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान नीमच जिले के ग्राम जावी निवासी किशन पिता पारसमल बावरी के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, किशन 15 अक्टूबर की सुबह अपनी मां को आधार कार्ड अपडेट कराने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, पर कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद नीमच सिटी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो मंदसौर क्षेत्र में मिली। परिवार के सदस्य मंदसौर पहुंचे, लेकिन किशन का पता नहीं चला। गुरुवार शाम करीब 6 बजे कृषि महाविद्यालय के पीछे कुएं के पास किशन का बैग और कुछ सामान मिला। एसडीईआरएफ टीम को बुलाया गया और स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से शव बरामद किया गया।

थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा।

परिजनों ने आशंका जताई है कि किशन की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
