नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने नीमच में मध्य प्रदेश से मारवाड़ जा रहे 434.400 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

सीबीएन मध्य प्रदेश की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर राजसमंद-उदयपुर मार्ग पर नाकेबंदी कर कार्रवाई की। लगभग तीन घंटे की गहन तलाशी के बाद, मंदसौर नंबर की बोलेरो पिकअप में दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ा गया।

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि वे केवल लाइट वायरिंग के रोल्स ले जा रहे थे। हालांकि, सख्ती बरतने पर चोरी का असली तरीका सामने आया। डोडा चूरा को विशेष रूप से बनाई गई थैलियों में लाइट वायरिंग रोल्स के अंदर छिपाकर रखा गया था।

तलाशी के दौरान कुल 29 थैलियां बरामद हुईं, जिनमें 434.400 किलोग्राम डोडा चूरा भरा हुआ था। सीबीएन ने जब्त सामग्री के संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
