मंदसौर। दीपावली की रात चलती कार पर पटाखे जलाकर स्टंट करने के दो मामले सामने आए हैं। एक मंदसौर का और दूसरा मुरैना का। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है।

मंदसौर में पिपलिया मंडी से मनासा रोड पर चलती कार (एमपी 09 डीसी 8139) की छत पर युवकों ने पटाखे फोड़े। वीडियो में एक युवक कार का गेट खोलकर स्काई शॉट पटाखा छत पर रखता दिखा, जबकि दूसरा युवक वाहन चला रहा था। पीछे चल रही बाइक सवार युवकों ने इस खतरनाक करतब का वीडियो बनाया।

पिपलिया मंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने बताया कि कार चालक प्रवीण, पिता नरसिंग लाल, निवासी पिपलियामंडी को पुलिस चौकी तलब किया। वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 132(2) एवं 184 के तहत चालानी कार्यवाही की गई, 1500/- रुपये समन शुल्क वसूला गया और भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुंशी मुलचंद सिंह धाकड़, चौकी प्रभारी धर्मेश यादव और आरक्षक वाजिद खान की सराहनीय भूमिका रही।
