चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 22 सितंबर को कस्बा बड़ीसादड़ी में उदयपुर रोड स्थित पवित्रम इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के सामने से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी। मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और वृताधिकारी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में, थानाधिकारी बड़ीसादड़ी पुलिस निरीक्षक कमलचंद मीणा के आदेशानुसार एएसआई बंशीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें कांस्टेबल नानूराम, बाबूलाल, धर्मचंद और जीतराम शामिल थे।
पुलिस टीम ने विशेष सूत्रों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज (25) पुत्र बदरी मोग्या निवासी नावनखेड़ी, थाना घोलापानी, जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें बड़ीसादड़ी क्षेत्र से चोरी हुई अन्य दो बाइकें भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी से और भी मामलों में पूछताछ जारी है तथा अन्य संभावित वारदातों की जांच की जा रही है।