चीताखेड़ा। नीमच जिले के जीरन क्षेत्र के चीताखेड़ा गांव में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने माली मोहल्ले में स्थित किसान कमलेश माली के मकान का ताला तोड़कर लगभग डेढ़ से दो किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

खेत गए थे मकान मालिक, चोरों ने सूने घर को बनाया निशाना-
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक कमलेश माली गुरुवार दोपहर अपने घर पर ताला लगाकर कृषि कार्य के लिए खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया।

बदमाशों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर घर के अंदर प्रवेश कर गोदरेज की अलमारी और अन्य तालों को तोड़ते हुए भीतर रखे चांदी के आभूषण चुरा लिए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू-
जब कमलेश माली को चोरी की जानकारी मिली, तो वे तुरंत घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही चीताखेड़ा पुलिस सहायता केंद्र से चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी की जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
