नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत भरभड़िया फंटे के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बेटी को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भरभड़िया निवासी सलीम पिता अहमद नूर (40 वर्ष) अपनी बेटी हिना के साथ नयागांव से काम समाप्त कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सलीम पिंजारा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं उनकी बेटी को हल्की चोटें आईं।

सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के पायलट चंद्रपाल सिंह रावत और ईएमटी राहुल पाटीदार ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया। डॉक्टरों ने सलीम की स्थिति गंभीर बताई है और उनका उपचार जारी है। कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
