नीमच। नयागांव में स्कूली छात्राओं से अश्लील हरकत के मामले को लेकर शुक्रवार को कस्बे में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में नयागांव का पूरा बाजार बंद रहा। आक्रोशित परिजनों के साथ हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।

पुलिस ने मामले में आरोपी शब्बीर (40 वर्ष), निवासी सूरज कॉलोनी नयागांव को बुधवार रात गिरफ्तार किया था। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

स्कूल की बाउंड्री फांदकर करता था हरकतें-
जानकारी के अनुसार आरोपी पिछले दो माह से प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल फांदकर स्कूल परिसर में घुसता था और नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने पर वह बच्चियों को जान से मारने की धमकी देता था। लगातार उत्पीड़न से परेशान छात्राओं ने कुछ दिन पहले स्कूल जाना बंद कर दिया। परिजनों ने पूछताछ में जब पूरी बात जानी तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

विरोध में उबाल-
घटना सामने आने के बाद से कस्बे में विरोध और आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार सुबह से ही व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। कस्बे में जुलूस और नारेबाजी के बीच परिजन व हिंदू संगठनों के पदाधिकारी पुलिस प्रशासन से आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

टीआई जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
