नीमच। इंदिरा नगर से सटे भगवानपुरा चौराहे पर गुरुवार देर रात ग्वाला समाज के दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों से हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, विवाद भगवानपुरा निवासी दीपक पिता शंभूलाल ग्वाला और कुछ स्थानीय युवकों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का परिणाम था। गुरुवार रात दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ आमने-सामने आ गए, जिसके बाद झड़प हो गई।

मारपीट में कमलेश धनगर, निवासी पीजी कॉलेज के पीछे, को सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी विकास पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घायल पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रदीप ग्वाला, राहुल, प्रेम और मोनू ग्वाला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
