नीमच। शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 22 साल के एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और मृतक के घर मे मातम पसर गया।

बघाना थाना क्षेत्र के एकता नगर निवासी ओकेश सिकलीगर 22 वर्ष पुत्र मदन लाल सिकलीगर ने बीती कल शाम लगभग 5 बजे अपने ही घर के दूसरे माले पर टॉवेल से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। दिन दहाड़े हुई इस वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। शाम को जब परिजनों को इस भयावह घटना का पता चला, तो चीख-पुकार मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। बघाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

आज सुबह जिला अस्पताल में ओकेश के शव का पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। बघाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और इस आत्महत्या की गहराई से जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत से एकता नगर में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है।
