मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम रावतपुरा में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक 35 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन पिता ओंकारलाल किर (उम्र 35 वर्ष) निवासी रावतपुरा ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगा ली। घटना का पता लगते ही परिजनों ने तुरंत मनासा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को फंदे से उतारकर मनासा शासकीय अस्पताल भेजा गया। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। मनासा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
