नीमच। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र कमल चौक में बीती रात दो मोबाइल दुकानों में एक के बाद एक चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। चोरों ने अमन मोबाइल और सिद्धि विनायक मोबाइल में धावा बोलते हुए मोबाइल फोन और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने दुकान की छत पर लगी टिन की चद्दर और पीओपी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति सफेद कपड़े से चेहरा ढके नजर आ रहा है। वारदात रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है।

अमन मोबाइल के संचालक अमन छाबड़ा ने बताया कि चोर करीब एक लाख रुपए कीमत के चार मोबाइल चोरी कर ले गए। वहीं, दुकान में रखे चार लाख रुपए के रिपेयरिंग मोबाइल को चोरों ने नहीं छुआ।

पास की सिद्धि विनायक मोबाइल दुकान से चोरों ने चार कीपैड, तीन एंड्रॉइड मोबाइल और 7,000 नकद चोरी कर लिए। सुबह जब दुकानदारों ने दुकानें खोलीं तो छत टूटी देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर नीमच कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
