चित्तौड़गढ़। उदयपुर–कोटा फोरलेन पर सेमलपुरा के पास स्थित एक होटल में 1 जून को हुई अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस प्रकरण में कुल 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 1 जून की रात कोतवाली थाना क्षेत्र के सेमलपुरा चौराहे स्थित होटल की छत पर मोड़जी का मिन्नाणा निवासी अजयराज सिंह झाला अपने साथियों के साथ भोजन कर रहा था। इसी दौरान मनोज चौधरी ने रेकी कर उसकी लोकेशन ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह निवासी डेट (थाना गंगरार) को दी। इसके बाद ईश्वर सिंह अपने 15 साथियों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर होटल पहुंचा और वहां मौजूद अजयराज सिंह व उसके साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली लगने से अजयराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के बाद आरोपियों ने अजयराज सिंह की डस्टर और बोलेनो कार में तोड़फोड़ कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस संबंध में ओमप्रकाश शर्मा की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना चित्तौड़गढ़ में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस की विभिन्न टीमों का गठन किया गया था।
एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीवाईएसपी विनय चौधरी के सुपरविजन में थाना अधिकारी तुलसीराम की टीम ने उदयपुर में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह पुत्र अक्षय सिंह चौहान निवासी डेट को हिरणमगरी, सेक्टर-4, मनवाखेड़ा रोड स्थित एक्मे पैराडाइज सेकंड रेजिडेंसी के सामने से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे वांछित आरोपी राजपाल सिंह पुत्र दलपत सिंह निवासी भैरूसिंह जी का चौकियां को उसके गांव से दस्तयाब किया।
दोनों आरोपी शातिर अपराधी बताए जा रहे हैं। इनमें से ईश्वर सिंह थाना गंगरार का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दोनों पर 5,000-5,000 का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से घटना में प्रयुक्त वाहन और हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अब तक इस हत्याकांड में कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस टीम कोतवाली चित्तौड़गढ़-
निरीक्षक तुलसीराम, कानि. सुनिल कुमार, राजेश कुमार, प्रहलाद कुमार, हरिराम, राजकुमार, संजय कुमार, नरेन्द्र सिंह, विनोद कुमार।
पुलिस टीम सदर चित्तौड़गढ़-
निरीक्षक निरंजन प्रताप सिंह, एएसआई हिरालाल, मुरलीदास, हैडकानि. सुरेन्द्र सिंह, कानि. डुगरसिंह, पृथ्वीपाल सिंह, हरफुल मीणा, हेमव्रत सिंह, भूपराम विश्नोई, भजनलाल, बलवंत सिंह, गजेन्द्र सिंह, गुरप्रीत सिंह।
साइबर सेल टीम-
हैडकानि. राजकुमार, कानि. रामावतार।
राजपाल सिंह को डिटेन करने में विशेष भूमिका-
एएसआई प्रवीण सिंह (वृत्त कार्यालय चित्तौड़गढ़), कानि. छोटूराम।