मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना वायडी नगर एवं पुलिस चौकी मुलतानपुरा की टीम ने अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने मुखबिर सूचना पर एमआईटी चौराहा, दाऊतखेड़ी रोड स्थित काका टी स्टॉल पर दबिश दी। यहां से निसार पिता मोहम्मद हुसैन पटेल (36), रियाज पिता नन्हे खां नियारगर (38), दोनों निवासी पिपलियामंडी एवं दीपक कुमार पिता जमनालाल गर्ग (42) निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारतीय मुद्रा जैसे दिखने वाले कुल 76 नकली नोट, कुल मूल्य 38,000, बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ धारा 179, 180 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर नकली नोटों के स्रोत और सप्लायर्स की जानकारी के लिए पूछताछ शुरू कर दी है।
कार्रवाई में शामिल टीम-
निरीक्षक संदीप मंगोलिया, उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, उपनिरीक्षक विनय बुंदेला, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम वास्कले, प्रधान आरक्षक पूनम कर्णिक, विकास कुरील, आरक्षक कमलपाल सिंह, चालक सुंदरसिंह तथा सायबर सेल से प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी और आरक्षक रिंकू सिंह का सराहनीय योगदान रहा।- पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मंदसौर